झरिया। विजयादशमी के अवसर पर बुधवार को झरिया चार नंबर स्थित मां मंगला चंडी सेवा समिति की ओर से माता का भव्य जगराता और गरबा-डांडिया कार्यक्रम आयोजित किया गया। माता के भजनों और जयकारों से पूरा झरिया भक्तिमय हो उठा। शेरावाली, मेहरावाली और जोतावाली के जयकारों से माहौल गूंजता रहा। वहीं, ‘चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है’ और ‘लहर-लहर लहराई रे’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्व हिंदू परिषद एवं श्री मंगला चंडी सेवा समिति के अध्यक्ष अमित अग्रवाल और सुनील सिंह ने माता की अखंड ज्योत की अगवानी की। इससे पहले पंडित हीरा दा ने विधि-विधान से माता की पूजा-अर्चना कराई। पूजा के यजमान गणेश गुप्ता और अनिता गुप्ता थे। अमित अग्रवाल ने सपत्नीक माता रानी को चुनरी भेंट की और झरिया कोयलांचल की सुख-समृद्धि की कामना की।

भजन गायक हरीश कजरिया ने श्रीगणेश वंदना के साथ जगराते का शुभारंभ किया। इसके बाद भजन गायक सुरेंद्र शर्मा , पारितोष और मिली ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर माता का गुणगान किया। हर भजन के साथ श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ता गया। माता के जयकारों के बीच भक्त भक्ति में सराबोर होकर झूमते रहे।वहीं, गरबा गीतों की धुन पर युवतियों और महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ गरबा-डांडिया किया।
ढोल और संगीत की थाप पर थिरकते कदमों ने कार्यक्रम की रौनक बढ़ा दी। भक्ति, संगीत और डांडिया के संगम से पूरा माहौल उत्सवमय हो गया।इनका रहा सक्रिय योगदानकार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के राज छावड़ा, अंकुर अग्रवाल, राजेश सिंह, आयुष गुप्ता, शैलेश कुमार, अभिषेक सिंह, सुमित अग्रवाल, अमित टाइगर, दिलीप सिंह, गोलू मालाकार, सुजीत वर्णवाल, सोनू सिंह, लक्की गुप्ता, अमित रजक, अमन वर्णवाल सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
