झरिया: झरिया जलागार से महज 100 मीटर की दूरी पर बने दर्जनों मकानों में दरार पड़ने के बाद स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। घटना के विरोध में आज झरिया के बाटा मोड़ स्थित गणेश चौक पर लोगों ने BCCL एरिया 9 के महाप्रबंधक (GM) एस. के. गायकवाड़ का पुतला दहन कर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित लोगों ने “राजापुर परियोजना बंद करो”, “झरिया जलागार सुरक्षित करो”, “बीसीसीएल प्रबंधन मुर्दाबाद” और “आउटसोर्सिंग कंपनी मुर्दाबाद” जैसे जमकर नारे लगाए।
- जलागार पर बड़ा खतरा: पूर्व पार्षद अनूप कुमार साव ने कहा कि राजापुर परियोजना में हो रहे अनियंत्रित और अनियमित खनन के कारण झरिया का मुख्य जलागार भारी खतरे में आ गया है। उन्होंने कहा कि अगर यह दरार जलागार तक पहुंच गई, तो हजारों की आबादी के सामने भीषण जल संकट खड़ा हो जाएगा।
- बेघर परिवारों की अनदेखी: प्रभावित परिवारों को अभी तक कोई सुरक्षित व्यवस्था या राहत नहीं दी गई है। पीड़ित परिवार माइंस रेस्क्यू कार्यालय में रात बिताने को मजबूर हैं, जिसे लेकर प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठाए गए।
- करोड़ों के भ्रष्टाचार का आरोप: प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि ROCP आउटसोर्सिंग कंपनी, परियोजना एजेंट और जीएम की मिलीभगत से ओवर बर्डन (OB) हटाने के नाम पर फर्जी बिल बनाकर करोड़ों रुपये का घोटाला किया गया है।
- कोल इंडिया से जांच की मांग: सांसद प्रतिनिधि गफ्फार अंसारी और जितेंद्र प्रसाद ने बताया कि सांसद ढुल्लू महतो वर्तमान में संसदीय समिति की बैठक में गए हुए हैं। उनके लौटते ही पूरे मामले से अवगत कराकर कोल इंडिया से उच्च स्तरीय जांच की मांग की जाएगी।
विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से ओम अग्रवाल, कृष्णा साव, महेश शर्मा, भगवान दास केसरी, सत्यनारायण भोज गड़िया, राजू वर्मा, राजेश साव, रवि आडवाणी, सांसद प्रतिनिधि उज्जवल मंडल, श्रीराम गोराई, विजय साव, पप्पू केसरी, अनिल साव, रूपेश पासवान, सूरज भूईया, टुन्नू गुप्ता, अरुण भूईया, पिंटू बर्मन, भाजपा बस्टाकोला मंडल अध्यक्ष संतोष रवानी, बंटी बर्मन, सुजीत साव, मोहम्मद इम्तियाज और त्रिलोकी प्रमाणिक सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
