दामोदरम हॉस्पिटल और मुखिया कुंदन रजक के सहयोग से जरूरतमंदों को मिलीं मुफ्त दवाइयां और चिकित्सीय परामर्श।
मधुबन। दामोदरम हॉस्पिटल भुरूंगिया और खरखरी पंचायत के मुखिया कुंदन कुमार रजक के संयुक्त सहयोग से रविवार को पंचायत सचिवालय खरखरी में एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का विधिवत शुभारंभ मुखिया कुंदन कुमार रजक, दामोदरम हॉस्पिटल के चेयरमैन प्रदीप कुमार सिंह और उपस्थित चिकित्सकों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
जांच के साथ मिलीं मुफ्त दवाइयां
शिविर में खरखरी और आसपास के गांवों से आए 100 से अधिक महिला एवं पुरुष ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस दौरान डॉक्टरों की टीम ने बीपी, शुगर, बुखार, सर्दी, खांसी और जुकाम समेत विभिन्न बीमारियों की जांच की। मरीजों को उचित चिकित्सीय परामर्श देने के साथ-साथ डॉक्टरों की देखरेख में आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण भी किया गया।
इन डॉक्टरों और सहयोगियों का रहा सराहनीय योगदान
शिविर को सफल बनाने में मुख्य रूप से डॉ. धनंजय रजक (पूर्व एडीएल सीएमओ, बीजीएच बोकारो), डॉ. गौरव कुमार, डॉ. सृष्टि जायसवाल (स्त्री रोग विशेषज्ञ), डॉ. गुंजन गौरव, डॉ. तोहीन चक्रवर्ती, डॉ. विश्वस्वरूप देशमुख और डॉ. बास्की कुमार (ऑर्थो विशेषज्ञ) ने अपनी सेवाएं दीं।
इसके अलावा सत्येंद्र कुमार, वरिष्ठ एएनएम कबीता देशमुख, एएनएम अन्नु कुमारी, संतोष कुमार, प्रवीण गोप, कृष्णा कुमार ठाकुर, आशिष कुमार, सलाउद्दीन शेख और सुभाष बाउरी सहित कई अन्य लोगों का योगदान सराहनीय रहा।
